aajkahindustaannews

सहारनपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 45 लाख के जेवरात चोरी का खुलासा, दो शातिर नकबजन गिरफ्तार।

सहारनपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 45 लाख के जेवरात चोरी का खुलासा, दो शातिर नकबजन गिरफ्तार।

मंडी पुलिस, एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई; चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद, वारदात में प्रयुक्त बाइक और औजार भी कब्जे में लिए

सहारनपुर। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मंडी पुलिस ने एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस सेल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण सहित शत-प्रतिशत माल बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 से 45 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को महावीर कॉलोनी, गोल कोठी के सामने निवासी संजीव जैन ने थाना मंडी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से पुत्रवधू के सोने के कड़े, गले का सेट, अंगूठियां, लॉकेट, पायल, सोने-चांदी के सिक्के, चांदी के पूजा संबंधी बर्तन और नकदी चोरी कर ले गए हैं। मामले में थाना मंडी पर मुकदमा अपराध संख्या 569/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मंडी वीरेंद्र सिंह राणा, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सक्सेना और स्वॉट प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज पंवार के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने 19 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर बाबा लालादास रोड स्थित कब्रिस्तान के पास से दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चोना उर्फ मुजम्मिल पुत्र मजबूल निवासी मदीना कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर, हाल निवासी गली नंबर-11 पयरो वाला मोहल्ला, थाना मंडी, सहारनपुर तथा सलीम पुत्र कासिम निवासी मिलापनगर, रुड़की, जनपद हरिद्वार, हाल निवासी कठहल कॉलोनी, खाताखेड़ी, थाना मंडी, सहारनपुर के रूप में हुई है।

40 से 45 लाख का चोरी गया माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर दो जोड़ी सोने के कड़े, मोती लगे कड़े, सोने का गले का पेंडेंट, कानों के टॉप्स, सोने-चांदी के सिक्के, चांदी की पायल, पांच जोड़ी बिछुए, तीन हाथ की घड़ियां, चांदी का गिलास, लॉकेट, तीन कलश, पानी की टंकी की 12 टोंटियां और सोने की धातु का डिनर सेट बरामद किया है। इसके अलावा एक हुडी, तीन बैग, घटना में प्रयुक्त प्लास और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP11CD7076 भी बरामद की गई है।

मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर है एक आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी चोना उर्फ मुजम्मिल शातिर किस्म का अभ्यस्त अपराधी है और थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी सलीम का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना कुतुबशेर में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 331(4), 317(2) और 3(5) बीएनएस की वृद्धि की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सक्सेना, स्वॉट प्रभारी नीरज पंवार सहित थाना मंडी, एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

रिपोर्ट: प्रमोद कुमार आज का हिंदुस्तान न्यूज़ | सहारनपुर

Leave a Comment

error: Content is protected !!