aajkahindustaannews

ट्रांसफार्मर चोर गिरोह पर तीतरों पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में दो शातिर गिरफ्तार।

ट्रांसफार्मर चोर गिरोह पर तीतरों पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में दो शातिर गिरफ्तार।

 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली, करीब पौने दो क्विंटल तांबे का तार, छह कॉयल, दो तमंचे और बिना नंबर की कार बरामद

 

सहारनपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तीतरों पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ट्रांसफार्मरों से विद्युत उपकरण और तांबे का तार चोरी करने के मामलों में वांछित दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लगी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख पुत्र राशिद निवासी ग्राम महंगी, थाना तीतरों तथा जौहर हसन पुत्र शकूर निवासी ग्राम सरकड़ बांसदेई, थाना गंगोह के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की रात्रि थाना तीतरों पुलिस टीम ग्राम बहलोलपुर की पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम बरसी की ओर से आ रही सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली सेंट्रो कार पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर भागने लगी। पुलिस ने पीछा किया तो कार ग्राम बरसी में नवनिर्मित गोशाला के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में उतर गई। खुद को पुलिस से घिरता देख कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस, करीब पौने दो क्विंटल तांबे का तार, छह बड़ी तांबे की कॉयल, तीन चौड़ी पट्टी वाली कॉयल, छह स्प्रिंगनुमा कॉयल, तार काटने के उपकरण, ग्राइंडर, इम्पैक्ट रिंच, बैटरी और चार्जर सहित घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद सेंट्रो कार बरामद की है।

 

पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा

 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे क्षेत्र के जंगलों में लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते थे। जौहर हसन ने बताया कि उसकी मुलाकात शाहरुख से हुई थी। दोनों ने मिलकर ट्रांसफार्मरों से तांबे के तार और अन्य कीमती सामान चोरी कर बेचने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने बहलोलपुर, बरसी, मनोहरा और ठोल्ला फतेहपुर के जंगलों में लगे ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी करने की बात स्वीकार की है। चोरी किए गए कुछ सामान को उन्होंने राह चलते रेहड़ी वालों को थोड़ा-थोड़ा करके बेच दिया था, जबकि शेष सामान पुलिस ने बरामद कर लिया।

 

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के विरुद्ध एंटी पावर थेफ्ट थाने में विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त भी उनका आपराधिक इतिहास सामने आया है। मामले में थाना तीतरों पर मुकदमा अपराध संख्या 154/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

थाना प्रभारी सचिन पूनिया के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

 

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष सचिन पूनिया, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, गौरव कुमार, देवकीनंदन, हेड कांस्टेबल हनी सिंह तथा कांस्टेबल अमित कुमार और अभिषेक खोखर शामिल रहे।

 

रिपोर्ट: प्रमोद कुमार

आज का हिंदुस्तान न्यूज़ | सहारनपुर

Leave a Comment

error: Content is protected !!