ऑपरेशन सवेरा: नानौता पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, महिला समेत चार गिरफ्तार।
655 ग्राम स्मैक और चार मोबाइल फोन बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.31 करोड़ रुपये
सहारनपुर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत नानौता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत चार कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 655 ग्राम अवैध स्मैक और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 31 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में नानौता पुलिस टीम ने 18 नवंबर को रुहाड़ा पुलिया, कस्बा नानौता के पास कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से नानू उर्फ शकील निवासी ग्राम हरपाल, थाना रामपुर मनिहारान के कब्जे से 60 ग्राम, सय्यद शेखावत निवासी ग्राम कुम्हारहेड़ा, थाना सरसावा से 260 ग्राम, मोनू उर्फ फरमान निवासी शेखपुरा कदीम, थाना कोतवाली देहात से 270 ग्राम तथा शबनम उर्फ शगुफ्ता निवासी शेखपुरा कदीम से 65 ग्राम स्मैक बरामद की।
चारों आरोपियों के कब्जे से कुल 655 ग्राम स्मैक और चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में थाना नानौता पर मुकदमा अपराध संख्या 288/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नानू उर्फ शकील के खिलाफ गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, चोरी, लूट और सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोनू उर्फ फरमान के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट और चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में रही पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विकास चारण, उपनिरीक्षक उपेंद्र राणा, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार, उपेंद्र तोमर, राहुल राणा, गौरव, महिला कांस्टेबल पूजा और बन्टी शामिल रहे।
रिपोर्ट: प्रमोद कुमार
आज का हिंदुस्तान न्यूज़

