सहारनपुर में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आगाज, मंडलायुक्त ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी।
हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति लोगों को किया जागरूक, यातायात नियमों का पालन करने की अपील
सहारनपुर। शासन के निर्देशों के क्रम में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को जनपद सहारनपुर में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त सहारनपुर डॉ. रूपेश कुमार ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में एसपी ट्रैफिक शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, आरटीओ शंकर सिंह, एआरटीओ एम.पी. सिंह तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक अमित तोमर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रवर्तन संबंधी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
आज का हिंदुस्तान का संदेश है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की रक्षा के लिए जरूरी है।
रिपोर्ट: प्रमोद कुमार
आज का हिंदुस्तान न्यूज़

