aajkahindustaannews

देवबंद पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, गौकशी का वांछित आरोपी गोली लगने से घायल, गिरफ्तार।

देवबंद पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, गौकशी का वांछित आरोपी गोली लगने से घायल, गिरफ्तार।

 

एक बदमाश अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार, पुलिस की कांबिंग जारी — तमंचा, कारतूस, स्कूटी और गौकशी के उपकरण बरामद

 

देवबंद (सहारनपुर)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवबंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को मंगलौर रोड स्थित दुगचारा चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गौकशी के मुकदमे में वांछित एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, उसका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम कांबिंग कर रही है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए देवबंद पुलिस सोमवार को मंगलौर रोड स्थित दुगचारा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देवबंद की ओर से स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और ग्राम मिरगपुर की ओर भागने लगे।

 

पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उनकी स्कूटी फिसलकर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरा देखकर दोनों बदमाश झाड़ियों में छिप गए और दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तार घायल आरोपी की पहचान मुस्तफा पुत्र सुराजुद्दीन निवासी ग्राम हासिनपुरा, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाना देवबंद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 774/2026, धारा 3/5/8 गौवध अधिनियम में वांछित चल रहा था।

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक स्कूटी तथा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

रिपोर्ट: प्रमोद कुमार

आज का हिंदुस्तान न्यूज़

Leave a Comment

error: Content is protected !!