ग्लोकल स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश।
शिक्षक स्टाफ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का लिया संकल्प
मिर्जापुर पोल, बेहट। ग्लोकल स्कूल, मिर्जापुर पोल, बेहट में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक स्टाफ के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दोनों महान विभूतियों के जीवन, उनके सिद्धांतों, सादगी तथा राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री उपदेश कुमार जी द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के शिक्षकों ने दोनों महान नेताओं के जीवन दर्शन एवं उनके आदर्शों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का गायन किया गया तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के प्रसिद्ध ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की ईमानदारी और सादगी आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का दायित्व है कि वे इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और विद्यार्थियों को भी उनके विचारों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों के जीवन से हमें सत्य, अनुशासन, ईमानदारी, सादगी और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है। यदि विद्यार्थी इन मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तो वे आगे चलकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में श्रद्धा और देशभक्ति का माहौल बना रहा। शिक्षक स्टाफ ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण तरीके से किया गया।
इस अवसर पर श्री रजनीश कुमार, मोहित कुमार, सुनील कुमार, रिशु सिंघल, संजीव, विशाल, अमजद, श्रीमती निधि शर्मा, बिंदु भंडारी, पुष्पा, तूबा खान, शालिनी, मोनिका, गायत्री, आबिदा जैदी, नीलिमा, अलका, अतिया, साहिब, उमर, अंजना, रेशम, दीक्षा, शिवानी सहित विद्यालय का शिक्षक स्टाफ मौजूद रहा।

