गांधी जयंती पर बाला देवी स्कूल में संस्कारों और देशभक्ति की दिखी झलक।
छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिक्षकों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
हुसैनपुर। बाला देवी जूनियर हाई स्कूल हुसैनपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत कर गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के विचारों को जीवंत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पंकज देवी, प्रबंधक योगेश चौधरी, उप-प्रधानाचार्य सचिन कुमार, उप-प्रबंधक अशोक कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ ने गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन, उनके संघर्ष तथा स्वतंत्रता आंदोलन में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। बच्चों ने अपने वक्तव्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सत्य और अहिंसा के महत्व को बताया। साथ ही स्वच्छता एवं सामाजिक सद्भावना को लेकर गांधी जी के विचारों से भी सभी को अवगत कराया।
विद्यालय के प्रबंधक योगेश चौधरी ने कहा कि महापुरुषों के जीवन और उनके आदर्शों से विद्यार्थियों को परिचित कराना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। गांधी जी का जीवन हमें सत्य, अहिंसा, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अच्छे संस्कारों को अपनाना चाहिए।
प्रधानाचार्या श्रीमती पंकज देवी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से पूरे विश्व को एक नई राह दिखाई। उन्होंने बच्चों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा विद्यालय, घर और आसपास के वातावरण को साफ रखने का आह्वान किया।
उप-प्रधानाचार्य सचिन कुमार एवं उप-प्रबंधक अशोक कुमार ने भी विद्यार्थियों को गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सपना, शिवानी, रेनू, छाया, अंजलि, रूचि, दीपा, चांदनी, मीना, सुमित कुमार, पारुल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भावना के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।

