अवैध शस्त्र तस्करी गिरोह का मिर्जापुर पुलिस व एसटीएफ मेरठ ने किया पर्दाफाश।
तीन शातिर गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध हथियार व 425 कारतूस बरामद, तलवार और स्कॉर्पियो भी मिली
सहारनपुर। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अपराध एवं अवैध शस्त्रों की तस्करी व बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए सहारनपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस और एसटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने अवैध शस्त्रों की तस्करी व बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे व निशानदेही पर भारी मात्रा में अवैध शस्त्र, कारतूस, तलवार और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने तथा अपराध एवं अवैध शस्त्रों की तस्करी व बिक्री की रोकथाम के लिए जनपद पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार और एसटीएफ मेरठ टीम के कुशल नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना मिर्जापुर पुलिस एवं एसटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम द्वारा शेरपुर पेलो रोड पर पुलिया से आगे आम के बाग के पास चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने अवैध शस्त्रों की तस्करी व बिक्री करने वाले गिरोह से जुड़े तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान असद खां पुत्र शोयब खां निवासी मोहल्ला पिलखन तला, निकट हुसना मस्जिद, थाना मंडी, जिला सहारनपुर, इकराम पुत्र मोहम्मद सुल्तान निवासी ग्राम महेश्वरी कला, थाना चिलकाना, जिला सहारनपुर तथा दानिश पुत्र असलम खां निवासी नकुड़, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे एवं निशानदेही पर एक पम्प एक्शन गन, एक 12 बोर बंदूक, एक डीबीबीएल बंदूक, एक देशी रायफल 315 बोर, एक देशी तमंचा 12 बोर, तीन एयर गन, 12 बोर के 425 कारतूस, एक तलवार तथा काले रंग की एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार बरामद कारतूस अलग-अलग थैलों में रखे हुए थे। इनमें 191 कारतूस, 19 कारतूस, 179 कारतूस, 16 कारतूस तथा 18 कारतूस शामिल हैं। बरामदगी में विभिन्न प्रकार के अवैध हथियार भी शामिल हैं।
बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना मिर्जापुर में मुकदमा अपराध संख्या 318/26 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शस्त्रों की तस्करी एवं बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जा रही है। मिर्जापुर पुलिस और एसटीएफ मेरठ की संयुक्त कार्रवाई को अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार थाना मिर्जापुर, उ0नि0 जयवीर सिंह एसटीएफ टीम मेरठ, उ0नि0 अवशेष भाटी थाना मिर्जापुर, उ0नि0 नरेश कुमार थाना मिर्जापुर, हे0का0 37 अमरदीप थाना मिर्जापुर, हे0का0 रमेश सिंह एसटीएफ मेरठ, हे0का0 प्रदीप एसटीएफ मेरठ, हे0का0 लोकेश भाटी एसटीएफ मेरठ, का0 विशाल चिकारा एसटीएफ मेरठ, का0 1666 पंकज कुमार थाना मिर्जापुर तथा का0 2017 चिराग कुमार थाना मिर्जापुर शामिल रहे।

