नकुड़ में स्मैक के बड़े नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, 4.76 करोड़ की स्मैक बरामद।
तीन शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार, 10.30 लाख रुपये नकद समेत मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अपाचे बाइक बरामद
सहारनपुर।
“ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकुड़ क्षेत्र में स्मैक तस्करी के नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है। थाना नकुड़ पुलिस, एंटी नारकोटिक्स सेल, एसओजी, स्वॉट तथा सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन कथित शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 2 किलो 380 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 76 लाख रुपये बताई गई है, बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 10 लाख 30 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर थाना नकुड़ में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना नकुड़ और एंटी नारकोटिक्स सेल, एसओजी, स्वॉट तथा सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कस्बा नकुड़ से अंबेहटापीर की ओर बिजलीघर चौराहे के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी पुत्र स्वर्गीय वीर सिंह निवासी ग्राम पखनपुर थाना गंगोह, हाल निवासी बरेली, अर्शलान उर्फ गुड्डू पुत्र जमील निवासी कादरगंज थाना फतेहगंज पूर्वी जनपद बरेली तथा हर्षित पुत्र अरविंद कुमार निवासी नरेना थाना पुवायां जनपद शाहजहांपुर, हाल निवासी बरेली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सन्नी के कब्जे से 950 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 3 लाख 50 हजार 30 रुपये, अर्शलान उर्फ गुड्डू के कब्जे से 900 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल फोन और 3 लाख 50 हजार रुपये, जबकि हर्षित के कब्जे से 530 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल फोन और 3 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े लोगों के नाम सामने आने का दावा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी सन्नी ने स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई लोगों के बारे में जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा बरेली से स्मैक खरीदकर आगे सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। पूछताछ में सहारनपुर क्षेत्र में भी नेटवर्क से जुड़े लोगों का उल्लेख होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस द्वारा आरोपियों के बताए गए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की जांच की जा रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्मैक की आपूर्ति कहां से होती थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सन्नी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना चिलकाना और थाना गागलहेड़ी में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
सहारनपुर पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए “ऑपरेशन सवेरा” अभियान चलाया जा रहा है। नकुड़ में हुई इस कार्रवाई को इसी अभियान के तहत की गई बड़ी कार्रवाई बताया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्टर – प्रमोद कुमार

