चिलकाना पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चोरी की वारदात का 72 घंटे में खुलासा।
चार अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नकदी, मोबाइल फोन व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
चिलकाना/सहारनपुर। थाना चिलकाना पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सीकरी कलां निवासी कार्तिक पुत्र रामकुमार ने 18 सितंबर 2026 को थाना चिलकाना में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर से 16 हजार रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर थाना चिलकाना पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 338/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर द्वारा पुलिस अधिकारियों को चोरी की घटना का शीघ्र अनावरण करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के कुशल नेतृत्व में चिलकाना पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए लगातार संदिग्धों पर नजर रखी।
21 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने साइफन की पुलिया के पास से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सन्नी पुत्र भोपाल निवासी नन्दपुरी कालोनी, कार्तिक पुत्र संजय निवासी बागवाला मोहल्ला मानकमऊ, अभिषेक पुत्र विनोद निवासी गेन्दी का मंदिर मानकमऊ तथा अजहर पुत्र मईउद्दीन निवासी इस्लामिया इंटर कॉलेज के पास मोहल्ला मछियारो वाला, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 02 जोड़ी पायल, 01 नाक की लौंग, 01 गले में पहनने वाला पैण्डल, 2200 रुपये नकद, 02 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
दिन में खाली मकानों की रेकी कर बनाते थे निशाना
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक अभियुक्तों ने बताया कि वे दिन के समय घूमकर ऐसे मकानों की तलाश करते थे, जो उन्हें खाली मिलते थे। मौका देखकर मकान में प्रवेश कर चोरी करने के बाद सामान को आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने ग्राम सीकरी में भी करीब तीन-चार दिन पहले दिन के समय एक मकान में चोरी करना स्वीकार किया है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए कुछ सोने के सामान को सहारनपुर में अजहर नामक सुनार को बेचने की बात अभियुक्तों ने बताई। पुलिस के अनुसार बरामद सामान को भी बेचने के लिए अभियुक्त जा रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस जांच में गिरफ्तार अभियुक्त सन्नी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध थाना कुतुबशेर में आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमा तथा थाना रामपुर मनिहारान में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज बताया गया है।
चिलकाना पुलिस ने गिरफ्तार चारों अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा उन्हें समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
चोरी की घटना के सफल अनावरण में थाना प्रभारी अक्षय शर्मा, उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार सोलंकी, हेड कांस्टेबल कुलदीप कुमार, रिजर्व कांस्टेबल निखिल कुमार, रिजर्व कांस्टेबल दीपक कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल निक्कू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट—प्रमोद कुमार

