एटीएम बदलकर खातों से रकम उड़ाने वाले शातिर अभियुक्त पर जनकपुरी पुलिस का शिकंजा, 11 एटीएम कार्ड व नकदी बरामद।
सहारनपुर। थाना जनकपुरी पुलिस ने लोगों के साथ धोखाधड़ी कर एटीएम कार्ड बदलने और उनके खातों से रकम निकालने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 11 एटीएम कार्ड तथा 3,210 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और झांसी जनपदों में धोखाधड़ी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 सितंबर 2026 को विपिन कुमार पुत्र करतार सिंह निवासी गली नंबर-4, ईएसआई हॉस्पिटल, न्यू शारदा नगर, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर ने थाना जनकपुरी में लिखित तहरीर देकर बताया था कि 10 जुलाई 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी करते हुए उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और उनके बैंक खाते से करीब 44 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर थाना जनकपुरी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर द्वारा अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी एवं बरामदगी के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा लगातार सुरागरसी और जांच की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चीमा के कुशल नेतृत्व में विवेचक उपनिरीक्षक अभिषेक कुशवाहा एवं थाना जनकपुरी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में प्रकाश में आए अभियुक्त अर्जुन उर्फ जंघी पुत्र राजकुमार निवासी आलमगीरपुर दुधली, थाना चरथावल, जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त की गिरफ्तारी 21 सितंबर 2026 को जेल चुंगी के पास एटीएम, देहरादून रोड, थाना जनकपुरी क्षेत्र से की गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11 अलग-अलग एटीएम कार्ड तथा 3,210 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित अतिरिक्त धारा की वृद्धि करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध झांसी जनपद के नवाबाद व सदर बाजार थानों, मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना व सिविल लाइन्स थानों तथा सहारनपुर के जनकपुरी व मंडी थानों में चोरी, धोखाधड़ी, बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब अभियुक्त से पूछताछ कर एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले नेटवर्क और अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक कुशवाहा, कांस्टेबल 1751 अजय कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल 1038 रोबिन, थाना जनकपुरी, सहारनपुर शामिल रहे। पुलिस द्वारा अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
रिपोर्ट: प्रमोद कुमार

