बेलका माफी में गोरक्षा दल ने भरी हुंकार, गोमाता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग।
बेहट/बेलका माफी। गोरक्षा दल के तत्वावधान में चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत गांव बेलका माफी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोमाता के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान गोमाता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए लोगों से इस अभियान में एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वृंदावन धाम स्थित मलूक पीठ से पहुंचे गोपेश बाबा ने कहा कि आज गोमाता की जो स्थिति है, वह किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने गोवंश के संरक्षण और गोसेवा को समाज की जिम्मेदारी बताते हुए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एक समय भारत में प्रत्येक परिवार में गोपालन की परंपरा थी और इसी कारण भारत को दूध की नदियों वाला देश कहा जाता था।
गोपेश बाबा ने कहा कि गोमाता के संरक्षण और सम्मान की परंपरा को मजबूत करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने गोमाता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर लोगों से एकजुट होकर अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गोसेवा और गोवंश संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान गोरक्षा दल के पदाधिकारियों ने भी गोवंश के संरक्षण, गोसेवा और समाज में जागरूकता फैलाने को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि गोमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर गोरक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश पंवार, प्रदेश अध्यक्ष अतुल महाराणा, जिला महामंत्री राहुल चौधरी, जिला प्रमुख कर्ण पंडित, नगर अध्यक्ष बेहट अभिषेक खटिक, तहसील संयोजक बेहट अंकुश चौधरी सहित गोरक्षा दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में गोमाता के सम्मान एवं संरक्षण के लिए अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

