वाहन चोरों पर बिहारीगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, चार गिरफ्तार।
आठ चोरी की बाइक बरामद, कई थाना क्षेत्रों की घटनाओं का हुआ खुलासा
बिहारीगढ़/सहारनपुर। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिहारीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाम वसूम पुत्र हासिम निवासी कालूवाला पहाड़ीपुर उर्फ जहानपुर थाना बिहारीगढ़, सागर पुत्र विजयपाल निवासी भाकरोड थाना बेहट, शाकिर पुत्र भूरा निवासी चांडी भाकरोड थाना बेहट तथा साहिल पुत्र मुस्तकीम निवासी माझीपुर थाना बेहट के रूप में हुई है।
दरअसल, थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को लेकर मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनाओं के खुलासे के लिए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान चारों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनकी निशानदेही पर आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में थाना बिहारीगढ़ से चोरी की गई सुपर स्प्लेंडर व स्प्लेंडर प्लस, टीवीएस रिडिंम के अलावा थाना बेहट, थाना मिर्जापुर और थाना बुग्गावाला क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आपस में मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सागर मोटरसाइकिल मिस्त्री है और चांडी भाकरोड में उसकी दुकान है। आरोप है कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें अनजान लोगों को बेच दिया जाता था और बिक्री से प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बेहट क्षेत्र के फतेहपुर कला, मिर्जापुर क्षेत्र के शाहपुर गाड़ा, बिहारीगढ़ के बुग्गावाला रोड, सुंदरपुर तिराहा, रविदास मंदिर के सामने तथा बंदरजूड के जंगल से मोटरसाइकिलें चोरी करने की जानकारी दी। चोरी की छह मोटरसाइकिलें बिहारीगढ़ से आगे अमानतगढ़ की ओर हाईवे किनारे स्थित एक खंडहरनुमा इमारत में छिपाकर रखी गई थीं।
बरामद मोटरसाइकिलों में UK16B2534, UP11CU1420, UP11BN9036, UP11Y3441, UP11CL6740 और UK17W2869 नंबर की बाइक शामिल हैं। इसके अलावा दो अन्य स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं, जिनकी पहचान चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर की जा रही है।
बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। वहीं गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना बिहारीगढ़ पर मु0अ0सं0 159/26 धारा 317(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में पूर्व से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक हवन सिंह चीमा, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, हेड कांस्टेबल मोतीलाल, कांस्टेबल विक्रान्त, रूपेश कुमार, राजेन्द्र राणा, रवेन्द्र तथा यशपाल शामिल रहे।
रिपोर्टर – प्रमोद कुमार

