भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने जाबिर चौधरी को ब्लॉक प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी।
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जाबिर चौधरी को ब्लॉक प्रवक्ता पद की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के जिला अध्यक्ष चौधरी सुदेशपाल द्वारा जारी मनोनयन पत्र में यह नियुक्ति की गई।
मनोनयन पत्र के अनुसार जाबिर चौधरी की संगठन के प्रति निष्ठा, किसानों के हितों के प्रति समर्पण तथा सामाजिक सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संगठन ने विश्वास जताया है कि वह अपनी जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे तथा उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती देंगे।
जिला अध्यक्ष चौधरी सुदेशपाल ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) किसानों के हक, सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्षरत है। संगठन का उद्देश्य गांव-गांव तक किसानों को जोड़कर उनकी आवाज को प्रशासन और सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसी सोच के तहत सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जाबिर चौधरी के मनोनयन से ब्लॉक स्तर पर संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष और अधिक प्रभावी होगा। संगठन को उम्मीद है कि वह किसानों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे, उनका समाधान कराने का प्रयास करेंगे तथा संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मनोनयन की जानकारी मिलने पर संगठन के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के किसानों ने जाबिर चौधरी को शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में ब्लॉक स्तर पर भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) और अधिक मजबूत होगी तथा किसानों के हितों की लड़ाई पहले से अधिक मजबूती के साथ लड़ी जाएगी।

