करंट की चपेट में आकर गौवंश की मौत, गौरक्षा दल ने जताया रोष; बिजली विभाग को दी सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी।
सहारनपुर। जनपद के ग्राम नौगांवा स्थित बेगपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां प्राथमिक विद्यालय के सामने लगे बिजली ट्रांसफार्मर की अर्थिंग तार में करंट उतर आने से एक वन गुज्जर परिवार की गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गौरक्षा दल सहारनपुर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
गौरक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने मृत गौमाता का विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार कराया। घटना के बाद ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना था कि लंबे समय से बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
मौके पर पहुंचे गौरक्षा दल के जिला प्रमुख कर्ण पंडित ने विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) को बुलाकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर की अर्थिंग तार को तत्काल सुरक्षित किया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों। साथ ही गांव में लगे सभी बिजली के खंभों के निचले हिस्से को सुरक्षा कवर से ढका जाए, जिससे आम नागरिकों और पशुओं को करंट लगने का खतरा समाप्त हो सके।
कर्ण पंडित ने यह भी मांग की कि गांव के प्राथमिक विद्यालय तथा रिहायशी मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को तत्काल दूसरी सुरक्षित जगह स्थानांतरित किया जाए। उनका कहना था कि यदि समय रहते विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।
गौरक्षा दल के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत विभाग ने शीघ्र आवश्यक सुधार कार्य नहीं कराया तो संगठन ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने विभाग से गांव की विद्युत व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण कर सभी संभावित खतरों को दूर करने की मांग की।
इस दौरान गौरक्षा दल के कई कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना रहा।

