गर्मी में भी पढ़ाई के साथ मस्ती — ग्लोकल स्कूल की पूल पार्टी ने जीता अभिभावकों का दिल।
भीषण गर्मी के बीच बच्चों को राहत देने और विद्यालयी वातावरण को आनंदमय बनाने के उद्देश्य से ग्लोकल स्कूल में नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के विद्यार्थियों के लिए भव्य “स्प्लैश पूल पार्टी” का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक वाटर पूल से सजे विद्यालय परिसर में नन्हे बच्चों ने पानी की फुहारों और संगीत की धुनों के बीच जमकर मस्ती की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए कई मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिनमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षकों की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजन और मानसिक ताजगी का भी अनुभव कराया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उपदेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ाती है। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए प्रशिक्षित शिक्षकों और कर्मचारियों की निगरानी में पूरा आयोजन संपन्न कराया गया।
पूल पार्टी के बाद बच्चों को पौष्टिक जलपान और ताजे फल वितरित किए गए। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने विद्यालय की इस अनोखी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को विद्यालय से जोड़ने और उनमें उत्साह बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।

