योगी सरकार के दावों की खुली पोल, भीषण गर्मी में बिजली कटौती से तड़प रहा मिर्ज़ापुर पोल।
“24 घंटे बिजली” के दावे हवा-हवाई, छोटे बच्चों को लेकर घरों से बाहर बैठने को मजबूर महिलाएं।
सहारनपुर जनपद के थाना मिर्ज़ापुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मिर्ज़ापुर पोल में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने ग्रामीणों का जीना दूभर कर दिया है। प्रदेश सरकार जहां बेहतर बिजली व्यवस्था और निर्बाध सप्लाई के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं मिर्ज़ापुर पोल में हालात इन दावों की हकीकत बयां कर रहे हैं।
गांव में घंटों तक बिजली गुल रहने के कारण करीब 40 प्रतिशत घरों के इनवर्टर और बैटरियां पूरी तरह डाउन हो चुकी हैं। गर्मी और उमस से परेशान लोग रातभर जागने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। महिलाएं अपने मासूम बच्चों को लेकर घरों से बाहर बैठने को मजबूर हैं और हाथों से पंखा झलकर गर्मी से राहत देने का प्रयास कर रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती के चलते पानी की समस्या भी गहरा गई है। मोबाइल चार्ज करना तक मुश्किल हो गया है और लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योगी सरकार द्वारा गांवों में बेहतर बिजली व्यवस्था के जो दावे किए जाते हैं, मिर्ज़ापुर पोल की स्थिति उन दावों को हवा-हवाई साबित कर रही है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

