aajkahindustaannews

खनन व्यवस्था में पारदर्शिता की मिसाल बने राजपाल लेघा, मिलेगा ‘इंडियाज़ ऑनेस्ट इंडिपेंडेंस ऑनर’

खनन व्यवस्था में पारदर्शिता की मिसाल बने राजपाल लेघा, मिलेगा ‘इंडियाज़ ऑनेस्ट इंडिपेंडेंस ऑनर’

 

 

सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बदली व्यवस्था, ई-ऑक्शन से खनन पट्टों में बढ़ी पारदर्शिता; उद्योगपति हरिश मुंजाल ने की सराहना

 

एम अफज़ल गौर

देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर अब विभिन्न विभागों में दिखाई देने लगा है। विशेष रूप से खनन विभाग में पिछले कुछ समय से लागू की गई पारदर्शी नीतियों और सख्त प्रशासनिक कार्यशैली की व्यापक सराहना हो रही है। इसी कड़ी में उत्तराखंड के खनन निदेशक राजपाल लेघा को उनके ईमानदार और प्रभावी प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘इंडियाज़ ऑनेस्ट इंडिपेंडेंस ऑनर’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान उन्हें खनन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने, अवैध खनन पर नियंत्रण और नीतियों को प्रभावी तरीके से लागू करने में निभाई गई अहम भूमिका के लिए दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्पष्ट नीति और प्रशासनिक दृढ़ता के चलते प्रदेश में खनन व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। विभाग द्वारा खनन गतिविधियों को नियंत्रित और नियमित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे सरकारी राजस्व में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

उद्योगपति हरिश मुंजाल ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खनन निदेशक राजपाल लेघा के कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा मिला है। मुंजाल ने बताया कि सरकार की नई खनन नीति के लागू होने से व्यवस्था में काफी सरलीकरण आया है। अब खनन पट्टों की नीलामी पूरी तरह पारदर्शी तरीके से ई-ऑक्शन के माध्यम से की जा रही है, जिससे खनन क्षेत्र में निष्पक्षता और व्यवस्था दोनों मजबूत हुई हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोगों के मन में खनन क्षेत्र को लेकर कई तरह की धारणाएं थीं। उन्हें भी लगता था कि इस क्षेत्र में गुंडागर्दी और दबाव का माहौल रहता होगा, इसलिए वे इससे दूर ही रहते थे। लेकिन समय के साथ मिली जानकारी के बाद उन्होंने भी इस क्षेत्र में काम शुरू करने का निर्णय लिया।

मुंजाल ने कहा कि काम शुरू करने के बाद उन्हें कहीं भी अव्यवस्था या दबाव का माहौल देखने को नहीं मिला। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है।

उन्होंने बताया कि प्रभावी खनन नीति के कारण प्रदेश में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। इस क्षेत्र से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोग जुड़े हैं और उन्हें आजीविका का साधन प्राप्त हो रहा है।

मुंजाल ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पारदर्शी नीतियों और मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से विकास की गति आगे भी इसी तरह तेज बनी रहेगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!