नशामुक्त सहारनपुर की ओर बड़ा कदम: अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने SSP का किया स्वागत, अवैध कारोबार पर सख्ती का आश्वासन।
अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश संगठन मंत्री रजत सैनी के नेतृत्व में सहारनपुर जनपद में नवागंतुक एसएसपी का पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिले में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए विस्तृत चर्चा की।
एसएसपी अभिनन्दन साहब ने संगठन की पहल की सराहना करते हुए स्पष्ट आश्वासन दिया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस प्रशासन पूर्ण सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है, उन्हें चिन्हित कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
प्रदेश संगठन मंत्री रजत सैनी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जहां भी नशे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा हो, उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज से नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी टीटी जैन, जिला उपाध्यक्ष प्रवेज आलम, क्षेत्रीय अध्यक्ष अनुराग सैनी, महानगर अध्यक्ष अरबाज अंसारी, मनोज गोयल सर्राफ, बाबर टपरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नशामुक्त सहारनपुर के संकल्प को दोहराया गया।

