सहारनपुर मंडल के जनपद मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त कार्यालय पर अपराध के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यालय द्वारा बंद करने पर कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। उन्होंने शासन-प्रशासन पर तानाशाही और भाजपा सरकार पर लोगों का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। इसके पश्चात राष्ट्रपति के नाम मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
दिल्ली रोड स्थित मंडलायुक्त कार्यालय पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सहारनपुर जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, शामली जिलाध्यक्ष अखलाक प्रधान, मुजफ्फरनगर जिला उपाध्यक्ष गुफरान काजमी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है। महिलाओं के साथ आए दिन जघन्य अपराध हो रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ देखते हुए मंडलायुक्त कार्यालय का मुख्यद्वार बंद कर दिया गया। इसको लेकर कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष प्रकट करते हुए शासन और प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया।

