aajkahindustaannews

53 लाख रुपये की 265 ग्राम स्मैक और 1.45 लाख रुपये नकद बरामद, ऑपरेशन सवेरा के तहत मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

सहारनपुर पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, महिला तस्कर गिरफ्तार।

 

53 लाख रुपये की 265 ग्राम स्मैक और 1.45 लाख रुपये नकद बरामद, ऑपरेशन सवेरा के तहत मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

 

सहारनपुर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सहारनपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर के तहत थाना मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से संलिप्त एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे एवं निशानदेही पर 265 ग्राम अवैध स्मैक और 1 लाख 45 हजार 600 रुपये की नकदी बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है।

 

पुलिस के अनुसार पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देश पर परिक्षेत्र के तीनों जनपदों में नशे के अवैध कारोबार, मादक पदार्थों तथा प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के निकट पर्यवेक्षण में थाना मंडी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

 

बताया गया कि 26 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना मंडी पुलिस ने चेकिंग एवं गश्त के दौरान राजो का कब्रिस्तान तालाब के सामने से असमा उर्फ कल्लो पत्नी रियासत अली निवासी साबरी का बाग, गली नंबर-02, थाना मंडी, सहारनपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी एवं निशानदेही के दौरान पुलिस ने 265 ग्राम अवैध स्मैक तथा 1,45,600 रुपये नकद बरामद किए।

 

पुलिस ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना मंडी में मुकदमा अपराध संख्या 576/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकों की गहनता से जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

 

थाना मंडी प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्ता के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

 

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक प्रतापदत्त शर्मा, उपनिरीक्षक अय्यूब अली, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, महिला हेड कांस्टेबल पूजा निश्चल एवं महिला कांस्टेबल निशा शामिल रहे।

 

रिपोर्ट: प्रमोद कुमार

जिला प्रभारी, आज का हिंदुस्तान न्यूज़

Leave a Comment

error: Content is protected !!