गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में उमड़ी श्रद्धा, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने टेका मत्था।
लंगर में संगत के बीच बैठकर ग्रहण किया प्रसाद, गुरु साहिब की शिक्षाओं को किया नमन
सहारनपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा रोड स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहारनपुर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने पहुंचकर गुरु साहिब के चरणों में मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने कीर्तन दरबार में शामिल होकर गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन एवं उनकी महान शिक्षाओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को सत्य, सेवा, समानता, प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
कार्यक्रम के उपरांत मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने गुरुद्वारे में आयोजित गुरु के अटूट लंगर में संगत के बीच बैठकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधन एवं संगत की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता, धार्मिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश दिया।
कीर्तन दरबार में श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सुजसबीर सिंह, जनरल सेक्रेटरी अमनप्रीत सिंह, मीट सेक्रेटरी छबप्रीत सिंह, स्टेशन सुपरिटेंडेंट कमर्शियल हनीत सिंह, गुरुपुरब कन्वीनर सरदार हरिंदर सिंह चड्ढा, सतविंदर सिंह माकन, सरदार पवनप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह बग्गा एवं सरदार तरनजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रमोद कुमार
जिला प्रभारी, आज का हिंदुस्तान न्यूज़

