गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष पर गांव-गांव गूंजा समरसता का संदेश, भाजपा नेता गौरव कुमार ने मंदिरों में टेका माथा।
सहारनपुर | रामपुर मनिहारान। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के गांव कल्लरपुर, आनंतमऊ, नंदपुर एवं घाटहेड़ा में समरसता संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं एडवोकेट गौरव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न गांवों में स्थित संत रविदास मंदिरों में पहुंचकर माथा टेका तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान ग्रामीणों एवं आयोजकों ने एडवोकेट गौरव कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने विचारों और संदेशों से समाज को समानता, मानवता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की राह दिखाई। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष पर आयोजित समरसता संकल्प कार्यक्रम का उद्देश्य उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव एवं एकता को मजबूत करना है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर भेदभाव से मुक्त और समरस समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में रमेश प्रधान, अनिल, नीरज कुमार, रवि चौधरी, अनुज चौधरी, रामकिशन, लोकेश कुमार, मदन, ऋषिपाल, दिलीप कुमार, राजेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार, भूरा जगरौली, पंकज, अर्जुन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रमोद कुमार
जिला प्रभारी, आज का हिंदुस्तान न्यूज़

