मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत छात्र-छात्राओं को किया जागरूक, डिजिटल अरेस्टिंग और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी।
मिर्जापुर (सहारनपुर)। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत गुरुवार को थाना मिर्जापुर पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने कस्बे के अपूर्वा इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्टिंग और झूठी अफवाहों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक यातायात एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व तथा थानाध्यक्ष विनोद कुमार के निर्देश पर आयोजित किया गया। मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक उस्मान अली के साथ महिला कांस्टेबल मानसी, सोनिका एवं निशा ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों और संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार डिजिटल अरेस्टिंग के नाम पर लोगों को डराकर ठगी करते हैं। ऐसे फर्जी फोन कॉल, झूठी सूचनाओं और अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी या बैंक संबंधी विवरण साझा न करने की अपील की गई।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।
पुलिस टीम ने 1090 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की उपयोगिता समझाई। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं की समस्याएं भी सुनी गईं और जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।
पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या साइबर ठगी की आशंका होने पर बिना किसी डर के तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें।

