CEIR पोर्टल से सहारनपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी, 335 गुमशुदा मोबाइल बरामद; मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान।
सर्विलांस सेल की तकनीकी पहल से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के मोबाइल फोन बरामद, मोबाइल स्वामियों ने पुलिस का जताया आभार
सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस ने तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों की CEIR पोर्टल टीमों ने कुल 335 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित CEIR पोर्टल के माध्यम से गुमशुदा मोबाइलों को ट्रैक करने की कार्रवाई की गई। एसएसपी अभिनन्दन ने सभी थानों पर टीम गठित कर वरिष्ठ उपनिरीक्षकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया था। साथ ही गुमशुदा मोबाइलों से संबंधित प्रार्थना पत्रों को तत्काल CEIR पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस अधीक्षक सारिका चौधरी, क्षेत्राधिकारी क्राइम प्रिया यादव तथा सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग तिथियों में गुम हुए मोबाइल फोन को तकनीकी सहायता से ट्रेस कर बरामद किया।
बरामद किए गए सभी 335 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए। लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने सहारनपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इन कंपनियों के मोबाइल हुए बरामद
बरामद मोबाइलों में 79 ओप्पो, 56 सैमसंग, 55 वीवो, 44 रियलमी, 40 रेडमी, 14 मोटोरोला, 14 वनप्लस, 14 पोको, 8 अन्य कंपनियों, 5 इनफिनिक्स, 3 लावा तथा एप्पल, गूगल और नथिंग कंपनी के एक-एक मोबाइल फोन शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सराहनीय कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी क्राइम प्रिया यादव, सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार, हेड कांस्टेबल सोनू शर्मा, आकाश नेहरा, नितिन त्यागी, कांस्टेबल ललित कुमार, जयवीर राठी तथा जनपद के समस्त थानों की CEIR पोर्टल टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सहारनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से जहां आमजन को राहत मिली है, वहीं तकनीक के माध्यम से पुलिस की कार्यक्षमता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता भी सामने आई है।
रिपोर्ट: प्रमोद कुमार
आज का हिंदुस्तान न्यूज़

