किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत की हुंकार, तहसील बेहट में उमड़ा किसानों का सैलाब।
बेहट। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से गुरुवार को तहसील बेहट में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से भारी संख्या में किसान पहुंचे, जिससे तहसील सभागार पूरी तरह किसानों से भर गया। जगह कम पड़ने पर कई किसानों को बरामदे में बैठकर बैठक में शामिल होना पड़ा। किसानों की भारी भीड़ ने क्षेत्र में संगठन की सक्रियता और किसानों की समस्याओं को लेकर उनकी गंभीरता को भी सामने रखा।
बैठक के दौरान तहसील बेहट की कार्यकारिणी की समीक्षा के साथ-साथ तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सढोली कदीम और मुजफ्फराबाद ब्लॉक की कार्यकारिणियों की भी समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने पर जोर दिया।
बैठक में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), बेहट में अनाज मंडी की स्थापना, प्लाइवुड फैक्टरी की स्थापना, टूटी सड़कों एवं पुलों की मरम्मत, खाद-बीज की उपलब्धता, बकाया गन्ना भुगतान, किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार, स्कूलों में बेहतर पढ़ाई तथा बिजली की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
किसान नेताओं ने कहा कि किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। वहीं क्षेत्र में अनाज मंडी और प्लाइवुड फैक्टरी जैसी सुविधाओं के अभाव में किसानों एवं स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़कें और पुल भी ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। इसके अलावा खाद-बीज की उपलब्धता, गन्ने के बकाया भुगतान और बिजली की समस्या को लेकर भी किसानों में नाराजगी दिखाई दी।
बैठक के बाद किसानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन तहसीलदार बेहट को सौंपा गया। किसान नेताओं ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की।
बैठक में मंडल अध्यक्ष अशोक चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता मा. रघुवीर सिंह, जिला अध्यक्ष नरेश स्वामी, प्रदेश महासचिव अन्वेष कंबोज, जिला सचिव आलिम प्रधान, तहसील अध्यक्ष सचिन्द्र राणा, ब्लॉक अध्यक्ष अनुज कश्यप (सढोली कदीम), ब्लॉक अध्यक्ष बबली कंबोज (मुजफ्फराबाद) समेत भारतीय किसान यूनियन टिकैत के तमाम पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
बैठक के समापन पर किसान हितों के लिए एकजुट रहने का आह्वान करते हुए “जय जवान, जय किसान” का उद्घोष किया गया।

