राशन वितरण व्यवस्था में बदलाव से ग्रामीण परेशान, पूर्व विधायक नरेश सैनी ने जिलाधिकारी से की सुधार की मांग।
बेहट। बेहट विधानसभा के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता नरेश सैनी ने ग्राम पंचायत फतेहाबाद क्षेत्र में राशन वितरण व्यवस्था में किए गए बदलाव को लेकर जिलाधिकारी के नाम उप जिलाधिकारी बेहट को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के कारण हजारों ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जनहित में इसे तत्काल सुधारा जाना चाहिए।
पूर्व विधायक ने बताया कि ग्राम पंचायत फैज़ाबाद के अंतर्गत फैजाबाद, आरिफपुर, जानीपुर और आरिफपुर गांव आते हैं। वर्तमान में आरिफपुर, जानीपुर और आरिफपुर के राशन कार्डधारकों को राशन लेने के लिए केवल आरिफपुर जाना पड़ रहा है। इससे विशेष रूप से जानीपुर और फैजाबाद के लोगों को तीन से चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आरिफपुर में लगभग 450 राशन कार्ड (करीब 1600 यूनिट) तथा जानीपुर में लगभग 300 राशन कार्ड (करीब 1100 यूनिट) हैं। इतनी बड़ी संख्या में लाभार्थियों को दूसरे गांव जाकर राशन लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी बढ़ रही है।
पूर्व विधायक नरेश सैनी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि फैजाबाद के राशन कार्डधारकों को आरिफपुर तथा जानीपुर के लाभार्थियों को जानीपुर में ही राशन उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि इससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली भी अधिक सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।

