सघन चेकिंग अभियान में मिर्जापुर पुलिस को मिली सफलता, अवैध पिस्टल व कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्ता।
जनपद सहारनपुर के थाना मिर्जापुर पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी सूबे सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने क्षेत्र के खारा पावर हाउस के समीप चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक 9mm की देशी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि पुलिस टीम नियमित रूप से क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान खारा पावर हाउस के पास दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक 9mm की देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद होने पर दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इमरान पुत्र अकमल तथा उस्मान पुत्र जहाँगीर के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस सफल कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार, कांस्टेबल पंकज कुमार, कांस्टेबल मोहित कुमार तथा कांस्टेबल अमित राठी की अहम भूमिका रही। मिर्जापुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है तथा अपराधियों में पुलिस का भय साफ दिखाई दे रहा है।

