थाना मिर्जापुर पोल: खवासपुर रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, महिला गंभीर घायल।
सहारनपुर। जनपद सहारनपुर के थाना मिर्जापुर पोल क्षेत्र के खवासपुर रोड पर बाइक और डंपर के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, महिला का पैर कटने की सूचना बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों खवासपुर स्थित हजरत जी के यहां दुआ करवाकर वापस लौट रहे थे। मृतक और घायल महिला हरियाणा के नारायणगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पोल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई हुई है या नहीं, इसकी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

