aajkahindustaannews

मानदेय वृद्धि को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने उठाई आवाज, विधायक मुकेश चौधरी को सौंपा ज्ञापन।

मानदेय वृद्धि को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने उठाई आवाज, विधायक मुकेश चौधरी को सौंपा ज्ञापन।

बेहट। प्रांतीय ग्राम रोजगार सेवक संघ, उत्तर प्रदेश के बैनर तले ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी को ज्ञापन सौंपते हुए बकाया मानदेय, ईपीएफ भुगतान और अन्य समस्याओं के जल्द समाधान की मांग उठाई। ग्राम रोजगार सेवकों ने कहा कि पिछले 19 वर्षों से वह सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाओं और समय पर मानदेय से वंचित रखा जा रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि सहारनपुर जनपद में ग्राम रोजगार सेवकों का लगभग 36 माह का मानदेय बकाया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। सेवकों ने मांग की कि बकाया मानदेय व ईपीएफ का तत्काल भुगतान कराया जाए तथा मानदेय भुगतान के लिए अलग बजट की व्यवस्था की जाए। साथ ही वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को लागू करने और अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी ग्राम रोजगार सेवकों का मानदेय बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की गई।

ग्राम रोजगार सेवकों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित पड़ी हैं, लेकिन अब सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

विधायक मुकेश चौधरी ने ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया।

इस दौरान जिला अध्यक्ष घनश्याम सिंह राणा, जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार, जिला महामंत्री रईस आलम, जिला संरक्षक रविंद्र राणा, जितेंद्र चौधरी, तहसील अध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे। ज्ञापन कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष मास्टर योगेश चौधरी, अरशद चौधरी, भूपेंद्र चौधरी, पारस पंवार, अजीत चौधरी, सुंदर लाल, राजेश कुमार, कुशलपाल, प्रवेश कंबोज, प्रदीप कुमार, अनिल पंवार, मास्टर ऋषि, अफजल, सुमित कुमार समेत कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!