मिर्ज़ापुर पोल में बदलते चुनावी समीकरण, वायरल दावे पर गुज्जर बिरादरी ने जताई आपत्ति।
मिर्ज़ापुर पोल।
आगामी प्रधानी चुनाव को लेकर ग्राम पंचायत मिर्ज़ापुर पोल में सियासी हलचल तेज हो गई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल हुई थी, जिसमें यह दावा किया गया था कि गुज्जर बिरादरी ने एकजुट होकर अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। हालांकि, खबर वायरल होने के बाद गुज्जर बिरादरी के कुछ जिम्मेदार और वरिष्ठ लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। उनका स्पष्ट कहना है कि बिरादरी की ओर से किसी भी प्रत्याशी को आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किया गया है। “हमने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया” जैसी बातें पूरी तरह भ्रामक हैं और पूरे समाज की सहमति से ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इसी मुद्दे को लेकर आज शाम अताऊर रहमान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें गुज्जर समाज के कई जिम्मेदार लोगों ने भाग लिया। बैठक में समाज की एकता, पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया पर जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित कई वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि चौधरी अताऊर रहमान एक जमीनी स्तर के जिम्मेदार और सक्रिय प्रत्याशी हैं, जो लंबे समय से क्षेत्र के जनहित और विकास के मुद्दों से जुड़े रहे हैं। कुछ लोगों ने उन्हें समर्थन देने की बात भी कही, लेकिन साथ ही यह स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय बिरादरी की सामूहिक सहमति से ही होगा।
वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए मिर्ज़ापुर पोल में चुनावी माहौल गर्म है और राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। गांव में चर्चाओं का दौर जारी है और प्रधानी की इस सियासी जंग को लेकर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में गुज्जर समाज किस दिशा में अंतिम निर्णय लेता है और बदलते चुनावी समीकरण किसके पक्ष में जाते हैं।

