aajkahindustaannews

पुलिस बल की ताकत को सलाम, मिर्जापुर थाने से 40 साल की निष्ठावान सेवा के बाद सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सेवानिवृत्त।

 

पुलिस बल की ताकत को सलाम, मिर्जापुर थाने से 40 साल की निष्ठावान सेवा के बाद सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सेवानिवृत्त।

जनपद सहारनपुर पुलिस के लिए मिर्जापुर पोल थाने में आज सम्मान और गौरव का दिन रहा। थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर पुलिस विभाग से सेवानिवृत्ति ग्रहण की। उन्होंने पुलिस बल में 40 वर्ष 2 माह तक ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवाएं दीं। स्पोर्ट्स कोटे से पुलिस विभाग में भर्ती हुए दिनेश कुमार ने अपने सेवाकाल की शुरुआत सिपाही के पद से की और कठिन परिश्रम, लगन व अनुशासित कार्यशैली के बल पर सब इंस्पेक्टर के पद तक पहुंचे। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सेवानिवृत्ति के अवसर पर मिर्जापुर पोल थाने में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें थाने के सभी पुलिसकर्मी, इंस्पेक्टर व दरोगा मौजूद रहे। मिर्जापुर पोल थाने के इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने सेवानिवृत्त अधिकारी को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदाई समारोह के उपरांत पुलिस परिवार की परंपरा को निभाते हुए सामूहिक भोजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें थाने के सभी पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की। मूल रूप से जनपद बागपत के गांव कान्हड़, थाना दोघट निवासी दिनेश कुमार को उनके शांत स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और कर्तव्यपरायणता के लिए जनपद सहारनपुर में विशेष सम्मान प्राप्त रहा। अधिकारियों ने कहा कि दिनेश कुमार जैसे अनुभवी अधिकारी पुलिस बल की रीढ़ होते हैं, जिनकी सेवाएं सदैव याद रखी जाएंगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!