मिर्ज़ापुर पोल पुलिस ने मिशन शक्ति फेज 5 अभियान के तहत चलाया जागरूकता अभियान।
महिला सुरक्षा, अधिकार और आत्मनिर्भरता पर छात्राओं को किया जागरूक
सहारनपुर। जनपद सहारनपुर के थाना मिर्ज़ापुर पोल पुलिस द्वारा मंगलवार को मिशन शक्ति फेज 5 अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, छात्राओं के अधिकार और समाज में उनकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला उप निरीक्षक दीक्षा कुमारी, हैड कॉन्स्टेबल प्रीति, एवं महिला कॉन्स्टेबल सविता ने छात्राओं को बताया कि मिशन शक्ति सरकार का एक महत्वपूर्ण अभियान है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना है। पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया।
स्कूल प्रबंधन और गणमान्य लोग रहे मौजूद
यह कार्यक्रम निशि मेमोरियल स्कूल में आयोजित किया गया। स्कूल के प्रिंसिपल अफजल अहमद ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं का मनोबल बढ़ता है और वे जीवन की चुनौतियों का डटकर सामना कर सकती हैं।
इस मौके पर अनिल कुमार, उजमा मलिक, परमजीत कौर, विक्रांत राणा, हशमत बिलाल समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मिशन शक्ति का उद्देश्य
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के जरिए महिलाओं को न केवल आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाते हैं बल्कि उन्हें समाज में बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

