Saharanpur Latest News: यूपी के सहारनपुर के खेतों में तेंदुआ के आने से लोगों में दहशत है. पूरे गांव में लोग एक डर के माहौल में रह रहे हैं. कोई भी किसान अपने खेत में काम करने के लिए नहीं जा रहा.
सहारनपुर. यूपी के सहारनपुर में शिवालिक के जंगलों से निकल एक तेंदुआ आज ग्रामीण क्षेत्र के जंगलों में घूमता हुआ दिखाई दिया. देवबंद क्षेत्र के गांव बास्तम में तेंदुआ देखे जाने की खबर से ग्रामीणों में हड़कंप मच गई. सुबह सवेरे जब किसान अपने खेतों पर जा रहे थे, कुछ लोगों को खेतों के पास एक तेंदुआ दिखाई दिया तेंदुए की खबर जैसे ही गांव में फैली मौके पर सैकड़ो ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी वन विभाग की टीम भी कुछ समय बाद मौके पर पहुंच गई. वहीं कई ग्रामीणों ने भागते हुए तेंदुए का वीडियो भी बनाया. वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाए हुए हैं साथ ही ड्रोन के माध्यम से भी तेंदुए की धर पकड़ करने का प्रयास किया जा रहा है. जबकि वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है. तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग जगह-जगह जाल बिछाए हुए हैं साथ ही तेंदुए के लिए पिंजरा भी मंगाया गया है.
खेतों में घूम रहा तेंदुआ दहशत में ग्रामीण वन विभाग की टीम ने बिछाया चारों तरफ जाल
जबकि ग्रामीणों का कहना है कि जब तक तेंदुआ नहीं पकड़ा जाता तब तक वह खेत पर अकेले काम करने नहीं जाएंगे. क्योंकि इससे पहले भी सहारनपुर के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों को तेंदुआ दिखाई दिया था और तेंदुए के द्वारा पहले भी किसानों के ऊपर जानलेवा हमला किया जा चुका है. तेंदुए से ग्रामीण दहशत में है जबकि वन विभाग की टीम सुबह से ही तेंदुए को पकड़ने में लगी हुई है.
REPORT – AHKAM ALI

