बिहारीगढ़ के हजारा टोंगिया में ग्रामीण को हाथी ने पटक-पटककर मारा।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम से ग्रामीण नाराज, शव को हाथ तक नहीं लगाने दिया।
बिहारीगढ समाचार
समीपवर्ती वन ग्राम हजारा टोंगिया के एक ग्रामीण को दिन निकलते ही बिगड़ैल हाथी ने नदी किनारे हरिपुर टोंगिया के समीप पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे खानपुर रेंज के वन कर्मियों को गुस्साई भीड़ ने शव को हाथ तक नहीं लगाने दिया, ग्रामीण इस बात से नाराज हैं कि जंगल से भटक कर हाथियों के झुंड पिछले काफी दिनों से आबादी एरिया में आ रहे हैं, इन्हें रोकने के लिए वन विभाग के अधिकारी कोई भी ठोस कदम नहीं उठा रहे। विगत 6 माह पहले भी हरिपुर टोंगिया के एक ग्रामीण को हाथी ने गांव के समीप उसे समय हमला कर मार डाला था जब वह अपने साथियों के साथ मॉर्निंग वॉक पर जा रहे थे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक उच्च अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते तब तक इस मामले में कार्रवाई नहीं होने देंगे।

