मंगलौर (हरिद्वार)
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से सत्ता तक पहुँचने की जुगत में जुट गई है। जिसके लिए कांग्रेस की विभिन्न विंग्स भी मजबूत की जा रही है। इसी के तहत नगर कांग्रेस सेवा दल समिति को भी मजबूती देने का काम किया जा रहा है। सेवा दल के अध्यक्ष जमां चौधरी ने संगठन का विस्तार करते हुए उपाध्यक्ष, महासचिव तथा सचिव सहित कुल आठ नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष जमां चौधरी ने बताया कि डॉ. आकिल हसनैन व डॉ. परवेज अली को उपाध्यक्ष बनाया गया है जबकि मोहम्मद इरफान अंसारी तथा मोहम्मद वसीम को नगर महासचिव नियुक्त किया गया है। सुहेल अजीज को सचिव जबकि शोएब शेख को मीडिया प्रभारी के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी अभी से मिशन 2022 में जुट जाएं ताकि फिर से सूबे में कांग्रेस की सरकार बनाई जा सके और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके। उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर तैयारी करने की भी अपील की।

