aajkahindustaannews

देवबंद पुलिस का बड़ा खुलासा: गैस सिलेंडर चोरी करने वाला हिस्ट्रीशीटर साथी समेत गिरफ्तार, 28 सिलेंडर बरामद।

देवबंद पुलिस का बड़ा खुलासा: गैस सिलेंडर चोरी करने वाला हिस्ट्रीशीटर साथी समेत गिरफ्तार, 28 सिलेंडर बरामद।

 

बोलेरो गाड़ी से चोरी के सिलेंडर बेचने जा रहे थे आरोपी, पुलिस ने 3 गैस चूल्हे भी किए बरामद

 

देवबंद (सहारनपुर)। थाना देवबंद पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर अपराधी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर इंडेन कंपनी के 28 गैस सिलेंडर, तीन गैस चूल्हे और वारदात में इस्तेमाल की गई एक बोलेरो गाड़ी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल फिरोज थाना बड़गांव का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है, जिसके खिलाफ सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

 

दो गैस गोदामों को बनाया था निशाना

 

पुलिस के अनुसार, ग्राम रणखंडी स्थित इंडेन गैस गोदाम से 20 अक्टूबर 2026 को 22 भरे गैस सिलेंडर और चार गैस चूल्हे चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। वहीं, भायला स्थित इंडेन गैस गोदाम से 18 भरे गैस सिलेंडर चोरी होने के मामले में भी थाना देवबंद में मुकदमा दर्ज था। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही थी।

 

मुखबिर की सूचना पर जंगल के रास्ते से गिरफ्तारी

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने मंगलौर रोड से ग्राम गंगदासपुर जाने वाले जंगल के रास्ते से दो वांछित आरोपियों फिरोज पुत्र अनीस निवासी ग्राम सावंत खेड़ी, थाना बड़गांव, सहारनपुर और फुरकान पुत्र आस मोहम्मद निवासी मेरठ, हाल निवासी गुर्जरवाड़ा, जीतगिरी मंदिर के सामने, देवबंद को गिरफ्तार किया।

 

चोरी के सिलेंडरों की बिक्री का हुआ खुलासा

 

पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपियों ने रणखंडी स्थित गैस गोदाम से चोरी किए गए 22 सिलेंडरों में से 18 सिलेंडर और तीन गैस चूल्हे बोलेरो में रखे थे। शेष चार सिलेंडर और एक चूल्हा उनके अन्य साथी ले गए थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद सिलेंडर बेचने का सौदा पहले ही तय हो चुका था और इसके लिए कुछ अग्रिम धनराशि भी ली गई थी।

 

पूछताछ में भायला स्थित गैस गोदाम से करीब आठ से नौ महीने पहले 18 सिलेंडर चोरी किए जाने की बात भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, इनमें से 10 सिलेंडर फुरकान को बेचे गए थे। फुरकान की निशानदेही पर सापला रोड स्थित हलीम बिरयानी की दुकान से संबंधित सिलेंडर बरामद किए गए।

 

हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे

 

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी फिरोज एक अभ्यस्त अपराधी है और थाना बड़गांव का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा चोरी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(3) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।

 

इनकी रही गिरफ्तारी में भूमिका

 

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार, उपनिरीक्षक अरुण कुमार सहित थाना देवबंद के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

रिपोर्ट: प्रमोद कुमार

आज का हिन्दुस्तान न्यूज चैनल, सहारनपुर

Leave a Comment

error: Content is protected !!