aajkahindustaannews

सरसावा पुलिस की मुस्तैदी से दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली।

सरसावा पुलिस की मुस्तैदी से दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 

पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी से .32 बोर का तमंचा, चार कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद

 

सहारनपुर। अपराधियों के खिलाफ सहारनपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना सरसावा की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीछा करने के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

 

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 11 अक्टूबर 2026 को थाना सरसावा की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम चिलकाना रोड पर ग्राम इब्राहिमी कलरी जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी।

 

इसी दौरान इब्राहिमी कलरी की ओर से चिलकाना की तरफ आ रहा एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस टीम को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने लगा। संदिग्ध की गतिविधियां देखकर पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर चीनी मिल के पास इब्राहिमी अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल फिसलने से सवार नीचे गिर गया।

 

पुलिस टीम को नजदीक आता देख आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

 

दुष्कर्म के मुकदमे में चल रहा था वांछित

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णाराम पुत्र सुमारु, निवासी अमलोरी बस्ती, थाना नया नगर, जिला सिंगरौली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्तमान में सरसावा क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पीछे एक खाली प्लॉट में रह रहा था। वह थाना सरसावा में दर्ज मुकदमा संख्या 329/2026 में धारा 64(1), 333 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5M/6 के तहत वांछित था।

 

घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल सहारनपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सरसावा में मुकदमा संख्या 330/2026, धारा 109(1) बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

मिशन शक्ति टीम की सतर्कता से हुई गिरफ्तारी

 

इस कार्रवाई में थाना सरसावा पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम की सतर्कता सामने आई। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई, जिसके परिणामस्वरूप वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों की धरपकड़ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

 

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा, महिला उपनिरीक्षक अन्नू परिहार, उपनिरीक्षक देवकरण शर्मा, उपनिरीक्षक राजीव शर्मा, कांस्टेबल 2413 जगदीश कुमार, कांस्टेबल 2583 अखिलेश सिंह, महिला कांस्टेबल 2123 सरिता, महिला कांस्टेबल 565 सुनीता तथा महिला रिजर्व कांस्टेबल 2611 संजना शामिल रहे।

 

रिपोर्ट: प्रमोद कुमार

Leave a Comment

error: Content is protected !!