aajkahindustaannews

मिर्जापुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, गोकशी की तैयारी कर रहे आरोपी से मुठभेड़।

मिर्जापुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, गोकशी की तैयारी कर रहे आरोपी से मुठभेड़

 

जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल, तमंचा-कारतूस समेत गोकशी के उपकरण बरामद

 

सहारनपुर। अपराध एवं गोकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सहारनपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात गोकशी की तैयारी कर रहे एक आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण, गोकशी, अवैध हथियार, नशे के कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही है।

 

इसी क्रम में 30 अगस्त 2026 की रात्रि थाना मिर्जापुर पुलिस टीम शेरपुर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्याजगढ़ पुलिया के पास स्थित आम के बाग में एक व्यक्ति गोवंश को बांधकर गोकशी करने की फिराक में है।

 

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान की ओर रवाना हुई। पुलिस के अनुसार जैसे ही टीम आम के बाग के पास पहुंची तो वहां एक व्यक्ति गोवंश को पेड़ से बांधे हुए दिखाई दिया और वह गोकशी करने की तैयारी कर रहा था। पुलिस टीम को अपने नजदीक आता देखकर आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

 

पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और पुलिस ने उसे घायल अवस्था में मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिलाल पुत्र मंजूर निवासी ग्राम मिर्जापुर पोल, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई।

 

तमंचा, कारतूस और गोकशी के उपकरण बरामद

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर, गोकशी करने के उपकरण, एक जिंदा गोवंश तथा 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि बरामद जिंदा गोवंश को सुरक्षित कराया गया।

 

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं करीब एक दर्जन मुकदमे

 

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी बिलाल शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ थाना मिर्जापुर में गोकशी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न संगीन अपराधों से संबंधित करीब एक दर्जन मुकदमे पहले से पंजीकृत बताए गए हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और गोकशी समेत किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!