aajkahindustaannews

स्कूलों में चोरी करने वाले शातिर गिरोह पर मिर्जापुर पुलिस का शिकंजा, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद।

 

स्कूलों में चोरी करने वाले शातिर गिरोह पर मिर्जापुर पुलिस का शिकंजा, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद।

 

सहारनपुर जनपद की मिर्जापुर थाना पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस की सक्रिय कार्रवाई से सरकारी विद्यालयों में हुई तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से विद्यालयों से चोरी किए गए कंप्यूटर उपकरण, लैपटॉप, डेस्कटॉप, यूपीएस, डिजिटल सामान और छह छत के पंखे बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है।

 

पुलिस के अनुसार जून और जुलाई 2026 के दौरान थाना क्षेत्र के अलग-अलग सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर उपकरण एवं अन्य सामान चोरी होने तथा एक बाग से आम के पेड़ काटे जाने की घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर अभियान चलाया। इसी क्रम में आरोपी तैय्यब पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम शेरपुर पैलो को कासमपुर-जसमौर मार्ग स्थित रजवाहे की पुलिया के पास से दबोच लिया गया।

 

गिरफ्तारी के बाद की गई बरामदगी में दो लैपटॉप, चार डेस्कटॉप, एक यूपीएस, डिजिटल उपकरण, मल्टीमीटर, एक्सटेंशन बोर्ड, सोल्डरिंग आयरन, कीबोर्ड, माउस तथा छह छत के पंखे सहित बड़ी मात्रा में चोरी का सामान मिला। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सफल अभियान में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार, हेड कांस्टेबल गौरव राठी तथा कांस्टेबल अमित कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

error: Content is protected !!