रविदास जयंती पर उसंड में भीम आर्मी–आजाद समाज पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, सौरभ सिंह ने दिया सामाजिक न्याय का संदेश।
बेहट विधानसभा क्षेत्र के गांव उसंड में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम ने सामाजिक एकता और राजनीतिक चेतना का स्पष्ट संदेश दिया। कार्यक्रम में भारी जनसैलाब उमड़ा, जिससे पूरे क्षेत्र में भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी की मज़बूत होती पकड़ साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर भीम आर्मी के जिला महासचिव सौरभ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने गुरु रविदास के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास ने सदियों पहले जिस जाति-विहीन, समानता और भाईचारे पर आधारित समाज की कल्पना की थी, आज उसे ज़मीन पर उतारने का काम भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी कर रही है।
सौरभ सिंह ने अपने संबोधन में दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब शोषित-वंचित समाज अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर राजनीतिक रूप से मजबूत बने। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सम्मान और हक़ की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान गुरु रविदास के विचारों, समता, मानवता और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर ज़ोर दिया गया। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि आने वाले समय में बेहट विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक बदलाव की नई लहर तेज़ होने वाली है।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भीम आर्मी के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। रविदास जयंती के बहाने उसंड गांव से उठी यह आवाज़ न सिर्फ सामाजिक न्याय की थी, बल्कि आने वाले राजनीतिक संघर्षों का भी साफ़ संकेत मानी जा रही है।

