
सहारनपुर, 15 अक्टूबर: आज सहारनपुर में ‘मधु शक्ति अभियान’ (Madhu Shakti Abhiyan) के पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया गया, जो एनीमिया मुक्त सहारनपुर पहल के अंतर्गत शुरू किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आईएएस श्री सुमित महाजन उपस्थित रहे। उनके साथ नोडल अधिकारी आईएएस श्री विनोद मीना, डॉ. बनवारी लाल (सहायक आयुक्त उद्योग), जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री दुर्गेश प्रताप सिंह, तथा ऑर्गेनिक येलो (Organic Yellow) के संस्थापक श्री फ़हद उस्मान ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर ‘मधु शक्ति अभियान’ के तहत चार ब्लॉकों – सरसावा, सादौली कदीम, नकुर और गंगोह में पायलट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को शतावरी और अशोक छाल मिश्रित शहद स्टिक (Honey Sticks) वितरित की गईं। इन स्टिक्स का उद्देश्य महिलाओं को प्राकृतिक और पौष्टिक उपाय के माध्यम से एनीमिया से राहत दिलाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित महाजन ने कहा कि “यह पहल न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य को सशक्त करेगी बल्कि सहारनपुर जिले को एनीमिया मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
ऑर्गेनिक येलो के संस्थापक श्री फ़हद उस्मान ने बताया कि इस परियोजना का लक्ष्य महिलाओं को साप्ताहिक रूप से पौष्टिक शहद मिश्रण उपलब्ध कराना है, ताकि वे स्वाभाविक रूप से हीमोग्लोबिन स्तर को बढ़ा सकें और बेहतर स्वास्थ्य की ओर अग्रसर हों।
‘मधु शक्ति अभियान’ को आने वाले महीनों में सहारनपुर जिले के अन्य ब्लॉकों में भी विस्तार देने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस पहल से लाभान्वित हो सकें।

