विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 23 सितंबर तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी क्वाड नेताओं के चौथे शिखर सम्मेलन में भाग भी लेंगे, जो 21 सितंबर को डेलावेयर के विलमिंगटन में आयोजित होगा। यह सम्मेलन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की मेजबानी में होगा।
क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे मोदी
सूत्रों ने बताया कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी 21 सितंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन के गृह नगर डेलावेयर में क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। क्वाड शिखर सम्मेलन के बाद पीएम मोदी 22 सितंबर को न्यूयॉर्क जाएंगे और भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। क्वाड शिखर सम्मेलन में जियो-पॉलिटिक्स और सुरक्षा चिंताओं के अलावा, टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। शाम को क्वाड रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। वहीं प्रधानमंत्री मोदी उसी रात को न्यूयॉर्क शहर के लिए रवाना हो जाएंगे।

