जनपद सहारनपुर में होली की ड्यूटी के बाद थानों में आज होली बड़ी उत्साह के साथ खेली गई। पुलिस लाईन में ढोल की थाप पर एसएसपी आकाश तोमर ने पुलिसकर्मियों के साथ जमकर ठुमके लगाए। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों से रंग भरे पानी की जमकर बौछार की गई। डीजे की धुन में पुलिसकर्मियों ने खूब जमकर जमकर डांस किया। इसी बीच देवबंद थाने में होली खेलते समय एक एसएसआई की हार्टअटैक से मौत हो गई
।
साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि थाना देवबंद के एसएसआई इंद्रपाल सिंह थाने में होली खेल रहे थे। खेलते-खेलते कुर्सी पर बैठे तो अचानक उनका हार्ट फेल हो गया। उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एसएसआई की मौत के बाद पुलिस विभाग में शोक है। वह मेरठ में 3 साल एसओ रेलवे रोड भी रह चुके थे।
होली के अवसर पर हमेशा अपनी ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मी इस त्योहार को मना नहीं पाते हैं। ऐसे में होली की मस्ती का पुलिसकर्मी पूरा मजा ले पाए, इस उद्देश्य से होली के दूसरे दिन पुलिस लाइन में होली खेली गई। रंगों से सराबोर पुलिसकर्मी आज अलग ही रंग में डूबे नजर आए। डीजे की धुन पर सभी ने मिलकर डांस किया।
शनिवार को एसएसपी आकाश तोमर के आवास पर भी पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेली। सभी रंगों में रंगे होली की मस्ती में सराबोर नजर आए। एसएसपी समेत कई अफसर को सिपाहियों ने कंधे पर बैठा कर हिंदी गानों और भोजपुरी गीतों पर जमकर ठुमके भी लगवाए। महिला सिपाहियों ने होली पर्व का उल्लास मनाया।
एसएसपी आकाश तोमर और एसपी सिटी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं दी। अबीर-गुलाल के साथ पानी की बौछार कर पुलिसकर्मियों को भीगा दिया। पुलिसकर्मियों ने भी कप्तान और एसपी सिटी को कंधे पर उठा लिया। दमकल विभाग की गाड़ियां सुबह से ही पुलिस लाइन में लग गई थी। पहले पुलिसकर्मियों ने सभी व्यवस्थाओं को संभाला और कप्तान के पहुंचने पर वहां पुलिसकर्मियों ने होली खेलना शुरू किया

